कानपुर में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे तक 8.37% मतदान हुआ। नगर निगम 5.83% और बिल्हौर नगर पालिका 10% घाटमपुर नगर पालिका 10%, बिठूर पंचायत 8%, शिवराजपुर पंचायत 8% मतदान हुआ। बूथों के बाहर मतदातओं की लंबी लाइनें लगी है। बीजेपी मेयर प्रत्याशी प्रमिला पांडेय और सपा प्रत्याशी वंदना बाजपाई ने वोट दिया।
कई जगहों पर हुई झड़प
काकादेव प्रभात पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र में भाजपा का एजेंट अरेस्ट हुआ है। पोलिंग बूथ के अंदर एजेंट नितिन एक मतदाता उर्मिला सिंह को भाजपा को वोट डालने के लिए दबाव बना रहा था। वहीं, वार्ड-91 में हंगामा हुआ। नोट बांटने के आरोप में एक युवक को काकादेव पुलिस ने हिरासत में लिया है। गुजैनी वार्ड-9 में भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच झड़प हुई। भाजपा प्रत्याशी अंकिता चौहान पत्नी वीरेंद्र चौहान, सपा प्रत्याशी लक्ष्मी चौहान पत्नी राज कुमार चौहान के बीच झड़प हुई है।
चुनाव अपडेट्स…
- भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने मतदान किया। भाजपा सांसद से यह सवाल किया गया कि आप भाजपा की महापौर प्रत्याशी प्रमिला पांडेय से नाराज हैं। जवाब में भाजपा सांसद ने कहा- नो कमेंट।
- सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का आरोप- EVM में उनके प्रत्याशी वंदना बाजपेई के नाम के आगे का बटन काम नहीं कर रहा है। सभी विधानसभाओं में यह समस्या है।
- वार्ड-70 के प्रत्याशी पुत्र के अश्लील फोटो के पोस्टर जगह-जगह चस्पा किए गए हैं। हालांकि ये तस्वीर एडिटेड है या नहीं। ये कन्फर्म नहीं है।

भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने मतदान किया।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने वोट डाला।

कानपुर में 95 साल की बुजुर्ग महिला वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची। बुजुर्ग सायरा बेगम के दोनों बेटे साइकिल पर बिठाकर पैदल 2 किलोमीटर वोट डलवाने के लिए चमनगंज लाए।
- नगर निगम में 22 लाख 17 हजार 517 मतदाता वोट डालेंगे। पुरुष वोटर 11,84,210 हैं। जबकि महिला 10,33,307 हैं। नगर पालिका और नगर पंचायतों में 69,973 वोटर हैं।
- वार्ड 2 के बूथ संख्या 17 और 28 में ईवीएम खराब हुई। मॉक पोल भी नहीं हो सका।
- चमनगंज स्थित बूथ संख्या 1708 में मॉक पोल में ईवीएम खराब हुई। डेढ़ घंटे बाद शुरू हो सका मतदान।
- विवेकानंद इंटर कॉलेज मतदान केंद्र बर्रा 2 कानपुर, बूथ संख्या 1260 में मेयर, पार्षद की ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। 45 मिनट लेट मतदान हो सका।
- वार्ड 26 के 411 बूथ नंबर गांधी ग्राम में लगी ईवीएम में खराबी मिली। ये महापौर पद की थी। यहां 10 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ।

सुबह से बूथों पर मुस्लिम महिलाओं की लाइनें देखने में आई।
- बूथ नंबर 620 रामकृष्ण मिशन स्कूल में ईवीएम में खराबी आई। मशीन बदलने के बाद दोबारा मतदान शुरू कराया जा रहा है।
- वोटर आईडी कार्ड लेकर आए मतदाताओं का लिस्ट में नाम नहीं होने की वजह से वोट नहीं डाल पाए। इससे नाराज मतदाता वापस चले गए।
- सरस्वती मॉडल स्कूल छोरा नवाबगंज के कक्ष संख्या एक बूथ संख्या 692 में खराब हुई ईवीएम मशीन के कारण मतदान नहीं शुरू हो सका।
- बूथ संख्या 1239 की ईवीएम भी खराब हुई। उसको ठीक कराया जा रहा है।
- हीरा लाल खन्ना के बूथ नंबर 72 में ईवीएम खराब हुई। ईवीएम बदली गई।
- नवाबगंज खोरा में खराब ईवीएम मशीन खराब हुई।
तस्वीरों में देखें मतदान

सपा के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखराम सिंह यादव पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे।


सपा मेयर प्रत्याशी वंदना वाजपेई के पति विधायक अमिताभ बाजपेई।



कुल 1168 प्रत्याशी चुनावी रण में
कानपुर में निकाय चुनाव में कुल 1168 प्रत्याशी मैदान में है। नगर निगम के 110 वार्डों के लिए 851 पार्षद, महापौर के लिए 13, नगर पालिका घाटमपुर और बिल्हौर में अध्यक्ष के 24, सदस्य के 164, नगर पंचायत बिठूर और शिवराजपुर में अध्यक्ष के 27 सदस्य के 89 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।
निगम में EVM, पालिका में बैलेट से मतदान
निकाय चुनाव में नगर निगम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और दो नगर पंचायतों और दो नगर पालिका परिषदों में बैलेट पेपर से मतदान होगा। सभी मशीनें और बैलेट बॉक्स मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। चुनाव के लिए 11,005 कर्मचारियों को लगाया गया है।

1752 बूथों पर मतदान
नगर निगम के 110 वार्डों के लिए 530 मतदान केंद्रों पर 1752 मतदान बूथ बनाए गए हैं। जिसमें महापौर के 13 प्रत्याशी और 851 पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए आज मतदान किया जा रहा है।
मतदान केंद्रों पर रहेगी दवाओं की किट
सभी मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी दवाओं की किट और व्हील चेयर की व्यवस्था की है। एम्बुलेंस भी तैयार रहेंगी। किसी मतदान केंद्र पर कर्मचारी या वोटर की तबियत खराब होगी तो उसे नजदीकी अस्पताल, गंभीर स्थिति में उन्हें हैलट भेजा जाएगा।
सुबह 6 बजे होगा मॉकपोल
पोलिंग बूथों पर गुरुवार को मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले सुबह छह बजे मॉकपोल होगा। प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के सामने पीठासीन अधिकारी यह प्रक्रिया पूरी करेंगे। फिर सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। शाम छह बजे वोटिंग खत्म होने के बाद एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम सील की जाएगी।

हर दो घंटे में जारी होगा मतदान प्रतिशत
कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2982990, 0512-2982991 पर मतदान संबंधित कोई भी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र पर होने वाली गड़बड़ी की भी सूचना दे सकतें हैं। उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने अनुसार हर दो-दो घंटे में चुनाव कंट्रोल रुम से मतदान फीसदी लिया जाएगा।
सुबह 7 बजे से शुरू होगा मतदान
सुबह 7 बजे से मतदान सभी केंद्रों पर शुरू हो जाएगा। पहला मतदान प्रतिशत नौ बजे, दूसरा 11 बजे, इसके बाद तीन बजे फिर पांच बजे मतदान फीसदी जारी किया जाएगा। अंतिम मतदान फीसदी 6 बजे के बाद जारी होगा।
60 मतदान केंद्र बनाए गए मॉडल
डीएम ने बताया कि 60 मतदान केन्द्रों को मॉडल मतदान केन्द्र और 5 पिंक बूथ के रूप में तैयार किया गया है। इनमें सिविल डिफेंस, एनसीसी, स्काउट आदि के माध्यम से मतदान मित्रों की तैनाती की गई है। मतदान मित्रों द्वारा मतदान के लिए आने वाले वृद्ध व दिव्यांग मतदाताओं को सहयोग प्रदान करेंगे। एलिम्कों के माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की भी व्यवस्था की गई है।

इन वार्डों में सबसे ज्यादा पार्षद प्रत्याशी
वार्ड एक -12, वार्ड 2-13, वार्ड 3-12, वार्ड 4- 14, वार्ड 9-14, वार्ड 12- 15, वार्ड 20- 12, वार्ड 21- 21, वार्ड 22- 17, वार्ड 36- 12, वार्ड 70-13, वार्ड 82 -13, वार्ड 87- 17, वार्ड 107-12 प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर है।
कुल 181 वार्डों में होगा चुनाव
● 22,17,517 मतदाता हैं नगर निगम में
● 69,973 नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में हैं वोटर
● 181 वार्ड हैं पूरे जिले के निकाय चुनाव
निकाय चुनाव आंकड़ों की नजर से
● 1,834 मतदान स्थल हैं जिले में
● 29 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं
● 53 अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र हैं
● 121 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं
● 130 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं
● 142 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं
नगर निगम जोनवार मतदाताओं का आंकड़ा
- जोन एक में कुल 2 लाख 77 हजार 337 मतदाता हैं, जिसमें 1 लाख 28 हजार 282 महिला और 1 लाख 49 हजार 056 पुरुष मतदाता हैं।
- जोन दो में 5 लाख 08 हजार 879 कुल मतदाता हैं। जिसमें 2 लाख 36 हजार 976 महिला और 2 लाख 71 हजार 903 पुरुष मतदाता हैं।
- जोन तीन में कुल 3 लाख 85 हजार 028 मतदाता हैं। इसमें महिला 1 लाख 79 हजार 812, पुरुष 2 लाख 05 हजार 216 मतदाता हैं।
- जोन चार में कुल 2 लाख 46 हजार 937 मतदाता हैं। जिसमें महिला 1 लाख 15 हजार 984, पुरुष 1 लाख 30 हजार 953 महिला मतदाता हैं।
- जोन पांच में कुल 3 लाख 81 हजार 949 मतदाता हैं। जिसमें 1 लाख 76 हजार 675 महिला और 2 लाख 05 हजार 274 पुरुष मतदाता हैं।
- जोन छह में कुल 4 लाख 17 हजार 387 मतदाता हैं। जिसमें 1 लाख 95 हजार 579 महिला और 2 लाख 21 हजार 808 पुरुष मतदाता हैं।
महापौर पद के ये प्रत्याशी मैदान में
- प्रमिला पांडे, भाजपा
- वंदना वाजपेयी, सपा
- आशनी अवस्थी, कांग्रेस
- अर्चना निषाद, बसपा
- बीना देवी, जन अधिकारी पार्टी
- दरखशा, अरबन एंड रुरल पार्टी
- शहाना परवीन, एआईएमआईएम
- इस्मा जहीर, आम आदमी पार्टी
- सोनी, इंडियन मुस्लिम यूनियन लीग
- निर्दलीय- रानी, देवकी कुशवाहा, अनीता देवी, वंदना बाजपेयी